महीना: मई 2008
-
श्रेणी:अखंड भारत
बढ़ते कदम – सर्वोदय की ओर
2 मार्च 2008 दैनिक जागरण का प्रकाशित समाचार। ”गिफ्ट बैन – सरकारी समारोहों मे पाबंदी। 26 फरवरी को जारी पत्र संख्या (जीएडी-ए (ई) 4-1/89-थ्री) के मुताविक मुख्य सचिव की ओर से आदेश – मुख्यमंत्री के मामले में भी लागू होंगे। प्रदेश में सरकारी कार्य क्रमों में शिरकत करने वाले मुख्य अतिथियों को अब कोई गिफ्ट नहीं मिलेगा।“ इसके अनुसार सरकारी समारोह में मुख्य अतिथि को मात्र गुलदस्ता या एक फूल प्रदान करके, स्वागत किया जाएगा। यह आदेश सभी प्रशासनिक सचिवों, विभाग प्रमुखों, उपायुक्तों, बोर्ड निगमों के अध्यक्षों और सभी मंत्रियों के निजी सचिवों आदि पर लागू होगा। मंच पर बैठने वालों को हिमाचली टोपी और एक शाल गिफ्ट रूप में प्रदान की जाती थी। अब इस पर किए जाने वाले भारी खर्च की बचत होगी।“
मई 2008
-
श्रेणी:कवितायें
चिंगारी
मई 2008 मातृवंदना
रुकेंगे नहीं बिना किए निस्वार्थ काम
निश्चय है अपना करना है निस्वार्थ काम
अरमान अपना कर सम्पन्न
पांएगे लक्ष्य जो सामने खड़ा उत्पन्न
कार्य बना है आज प्रतिदवंदी सामने
जय चाहता है प्रभुत्व अपने
रुकेंगे नहीं बिना किए निस्वार्थ काम
निश्चय है अपना करना है निस्वार्थ काम
आगे बढ़ना है हमने साहस के बहानेे
मात्र फूल शीश अर्पित करना हम हैं जाने
यहां लालसा तन मन धन कोई न मायने
निर्णय बुद्धि का हम सब माने
रुकेंगे नहीं बिना किए निस्वार्थ काम
निश्चय है अपना करना है निस्वार्थ काम
जब तक प्रपंचात्मक हमने बनाई सृष्टि
नहीं कर सकता यहां कोई तृष्णातुष्टि
ऐसा यहां स्रष्टा का न कभी रहा है काल
मुक्त कर लेंगे खुद को काटना है जंजाल
रुकेंगे नहीं बिना किए निस्वार्थ काम
निश्चय है अपना करना है निस्वार्थ काम
है यह चिंगारी नहीं आग
आग ही नहीं महाकाल व्याल
विध्वंस करती है नीचता का काम
समूल नष्ट करती राख बनाती है तमाम
रुकेंगे नहीं बिना किए निस्वार्थ काम
निश्चय है अपना करना है निस्वार्थ काम
चेतन कौशल "नूरपुरी"
-
श्रेणी:भाषा
विलुप्त होंगी विश्व की हजारों भाषाएं!
दैनिक अमर उजाला में प्रकाशित 24 फरवरी 2008 का समाचार। संयुक्त राष्ट्र ने चेताया – ”विलुप्त होने के कगार पर हैं दुनियां की हजारों भाषाएं। संयुक्त राष्ट्र ने बर्ष 2008 को अंतरराष्ट्रीय भाषा घोषित किया है। 96 फीसदी भाषाएं केवल चार फीसदी लोगों के द्वारा बोली जाती हैं।“ समाचार के अनुसार – ”अन्तरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाने की शुरुआत बर्ष 2000 में हुई थी। 2008 को अन्तरराष्ट्रीय भाषा का बर्ष घोषित करने का उद्देश्य विश्व के बहुभाषी रूप को सहेजना है।“ युनेस्को ने चेेेेताया है – ”जब किसी भाषा का लोप होता है तो मात्र एक भाषा का नहीं बल्कि अवसरों, परंपराओं, यादों, सोचने और अभिव्यक्त करने के जरियों का लोप होता है जबकि बेहतर भविष्य के लिए इनकी बेहद जरूरत होेेती है।“
उपरोक्त विचारों से विश्व के उन महानुभावों को खुली चेतावनी है जो अल्पभाषी लोगों पर अपनी बहुभाषी भाषा का जबरन प्रत्यारोपण करना निज की शान समझते हैं। वे यह नहीं जानते हैं कि उनके द्वारा जो अतिक्रमण किया जा रहा है उससे अल्पभाषी लोगों की भाषा क्षीण ही नहीं होती है बल्कि उसका दुनियां से नाम तक मिट जाता है। ऐसे बहुभाषी लोग अल्प भाषी भाषाओं को क्या सहेजेंगे जो उनका न तो आदर करना जानते हैं और न उन्हें पनपने का अवसर ही देते हैं। उनके द्वारा अल्प भाषी भाषाओं को अभय प्रदान करना तो दुर की बात है।
यही कारण है कि इस समय दुनियां की ”सयुक्त राष्ट्र के आकलन द्वारा 6700 भाषाओं में से आधी विलुप्ति के कगार पर हैं जिनमें 96 फीसदी भाषाएं केवल चार फीसदी लोगों के द्वारा बोली जाती हैं। अगर इन्हें सहेज कर नहीं रखा गया तो एक दिन उन्हें ढुंढने पर वह हमें कहीं नहीं मिलेगी।“
समस्त विश्व जो कभी साम्राज्यवादी महाशक्तियों के आंतक से पीड़ित रहा है, उसके कई देश आज तक उस पीड़ा से स्वयं को नहीं उबार सके हैं। उनमें भारत बर्ष भी अपने आप में एक राष्ट्र है। भारत बर्ष को ब्रिटिश साम्राज्य से मुक्त हुए 60 बर्ष व्यतीत हो चुके हैं। भारत के राष्ट्रीय नेताओं ने हिन्दी भाषा को राष्ट्रीय भाषा बनाने का सपना संजोया था पर आज तक वे उसे वह गौरव प्रदान नहीं कर सके हैं जो उसे मिल जाना चाहिए था। स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात भी साम्राज्यवादी भाषा अंग्रेजी भारत के राजनैतिक, आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और जन मानस पर निरंकुश राज कर रही है। होना यह चाहिए था कि हम अंग्रेजी भाषा की मान्यता समाप्त करके उसके स्थान पर हिन्दी को सुशोभित करते, पर हमने ऐसा नहीं किया। यह हमारी कमजोरी नहीं तो और क्या है? आज राष्ट्र भारत और उसकी राष्ट्रीय भाषा को सशक्त कौन बनाएगा? कहीं ऐसा तो नहीं कि हिन्दी भाषा भी अंग्रेजी भाषा के भय से विश्व की हजारों भाषाओं में विलुप्त होने जा रही हो!
आज आवश्यकता इस बात की है कि हम राष्ट्रीय भाषा हिन्दी का ससम्मान प्रचार-प्रसार करने हेतु अपने-अपने कार्यालयों का हर कार्य सम्पर्क भाषा हिन्दी के रूप में करने के साथ-साथ क्षेत्रीय भाषाओं को भी प्रोत्साहन दें। इससे हमें निजी लोक गीत-संगीत, पहनावा, रहन-सहन, खान-पान, सोच-विचार, संस्कार और परंपराओं के दर्शन होंगे। हमें इनका हार्दिक सम्मान करते हुए, इन्हें परंपरागत अपने जीवन में अपनाकर अवश्य ही सहेजना होगा अन्यथा वह दिन दूर नहीं कि विश्व में 6700 भाषाओं में से आधी भाषाओं के साथ 96 प्रतिशत भाषाएं जो 4 प्रतिशत लोगों द्वारा बोली जाती हैं और लुप्त होने के कगार पर हैं – वे धीरे-धीरे लुप्त हो जांएगी। देश की आघोषित एवं अव्यावहारिक राष्ट्रीय भाषा हिन्दी और उसके साय में पनपने वाली अनेकों क्षेत्रीय एवं लोक भाषाएं जिन्हें हम कभी ढूंढना चाहेंगे तो वह हमें कहीं नहीं मिलेंगी। तब विश्व में मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस हमारा कुछ कर सकेगा क्या?।मई 2008
मातृवन्दना