मानवता

मानवता सेवा की गतिविधियाँ



श्रेणी: स्व रचित रचनाएँ

  • जंग अभी बाकी है
    श्रेणी:

    जंग अभी बाकी है

    15 अगस्त 1947 के दिन स्वदेशी  राजनेताओं ने भारत की राजनैतिक सत्ता की बागडोर अपने हाथ ले ली। इसके साथ ही साथ कभी न डूबने वाले अंग्रेजी साम्राज्य का सूर्य, भारत में सदा के लिए अस्त हो गया। भारत से गोरे अंग्रेज चले गए, चेहरे बदल गए। शेष  रह गया, अंग्रेजी प्रशासनिक ढांचा, व्यवस्था, कानून, संधियां-समझौते, शिक्षा, चिकित्सा प्रणालियां, खाद, कृषि , उत्पादन, अंग्रेजी जीवन शैली  और अंग्रेजी संस्कृति।
    भारत में भारतीय संविधान बना। वह मौलिक अधिकार एवं निदेशक सिद्धांतों की लुभावनी विभिन्न धाराओं से सुसज्जित भी हुआ पर 65 वर्ष बीत गए, संविधान निर्माताओं ने राष्ट्रीय  भविष्य  संवारने हेतु संविधान में जो सपना संजोया था, वह आज भी ज्यों का त्यों विद्यमान है।
    हमने स्वतंत्रता प्राप्त करने के लिए सन् 1857 में क्रांति का जो शंखनाद किया था, उसका उद्देश्य  क्या था? यह हम स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात भूल गए। क्या हम कभी संगठित रहे हैं? इसे कौन नहीं जानता? उस समय राष्ट्रीय  नेतृत्व का लोहा, विदेशियों ने भी माना था। वे हमसे सीधे दो-दो हाथ करने से घबराते थे। हम सादा जीवन, उच्च विचार और सुसंस्कारों के कारण सदैव धर्मपरायणता, ज्ञान एवं कलानिष्ठा , धैर्यशीलता और शूरवीरता जैसे गुणों से किसी भी आंतरिक या वाह्य चुनौती का सामना करने के लिए हर समय सुसज्जित एवं तैयार रहते थे। यह गुण हमें वेदों से प्राप्त होते थे। वेद दिव्य गुणों के स्रोत , सनातन हैं। सनातन सत्य है। सत्य अखण्ड ब्रह्म है। ब्रह्म वायु समान अकाट्य सर्वव्यापक कण-कण में विद्यमान है। ईश्वर  सबका मालिक, एक है। इसलिए वसुधैव कुटुम्बकम् अर्थात विश्व  एक परिवार है। भारत ने कहा है।
    सनातन प्रेमी तथा धर्म परायण माता-पिता की गोद में पनपने और पोषित  होने वाली संतान सदैव सदाचार की सहचरी रही है। बच्चों और विद्यार्थियों में माता-पिता व गुरु जनों के प्रति श्रद्धा, प्रेम, भक्ति और विश्वाश  जैसे सदगुण हर समय विद्यमान रहते थे। यही कारण है कि वे उनका आदर-सम्मान करने में कभी कहीं कोई चूक या संकोच भी नहीं करते थे।
    युगों से भारत कृषि  प्रधान देश  रहा है। उसकी 80% जनता गांवों में रहती है। वहां जल, जंगल, जमीन और वायु पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने के कारण, उत्पादन से समाज का भरण, पालन-पोषण  सहज होता है। इसलिए गांवों में चिरकाल से गो-पालन, कृषि , बागवानी, व्यापार, हस्तकला, लघु एवं कुटीर उद्योग अपनाए जाते हैं।
    राजनैतिक स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात , राष्ट्र  की आशा  के अनुरूप, भारत का नव निर्माण करने हेतु, देश  के सशक्त  प्रधान मंत्री के नेतृत्व में देश  की परंपरागत स्वदेशी , नैतिक, आध्यात्मिक, कलात्मक, वितरण, सांस्कृतिक, प्रशासनिक, शैक्षणिक, आर्थिक, सामाजिक, तकनीकी और न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़, सशक्त एवं सुचारु बनाया जाना चाहिए था। मगर दुर्भाग्यवश  आज तक ऐसा हुआ नहीं – देश  को बार-बार मात्र पाश्चात्य  शिक्षा से ही प्रेरित प्रधान मंत्री मिलते रहे हैं।
    फूट डालो और राज करो। पहले ब्रिटिश  साम्राज्य हित की पोषक , भारत में अंग्रेजी  नीति रही। अब भ्रष्टतन्त्र के पोषक , समाज विरोधी तत्व और देश  के षड्यंत्रकारियों के द्वारा निजहित में, भारतीय समाज को खण्ड-खण्ड करने और उसे पूर्णत्या खोखला बनाने हेेतु भान्ति- भान्ति के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। देश भर में क्षेत्रवाद से लेकर भाषा , जाति, धर्म, संप्रदाय, धर्मांतरण, ऊंच-नीच, अमीर-गरीब, रंग, वर्ण, मत, पंथ, आरक्षण, अल्प-बहुसंख्यक, और लिंगादि भेद भावों को बढा़वा देकर उसे बांटा जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के आधार पर राष्ट्र  का विकास माना जाता है जबकि भ्रष्टाचार, काला धन, गबन, घोटालों के रूप में वास्तविकता कुछ और ही होती है। इससे राष्ट्र  हित में राष्ट्रीय  संगठन शक्ति को भारी आघात पहुंचा है और इससे भारत का संघीय ढांचा कमजोर हुआ है।
    बच्चों और विद्यार्थियों में माता-पिता व गुरुजनों के प्रति सेवा, आदर सम्मान में निरंतर आ रही कमी, एक बड़ा दुःखदायी विषय  है। अज्ञानतावश  बहुत से अभिभावक अपने बच्चों को अच्छे संस्कार नहीं दे पा रहेे हैं। जिन बच्चों को उनसे अच्छे संस्कार मिलते हैं, परंपरागत गुरुकुलों के अभाव में उन्हें भली प्रकार फलने-फूलने हेतु, गुरुजनों का अपेक्षित योगदान और सहयोग भी नहीं मिल रहा। राजनेेता, प्रशासक, अधिकारी और कर्मचारी वर्ग एक दूसरे से प्रेम आदर.सम्मान व सहयोग पाने के स्थान पर उपेक्षा का शिकार होते हैं। प्रशासनिक कार्य में विसंगतियां आती हैं। राष्ट्रीय  विकास प्रभावित होता है। इसी तरह वरिष्ठ नागरिकों का युवा वर्ग द्वारा स्थान-स्थान पर तिरस्कार और निरादर होता है। उनके सम्मान में निरंतर शिथिलता एवं गिरावट आ रही है। इसका कारण क्या है? क्या धन, पद, ज्ञान, आयु और बल-पराक्रम में बड़ों के द्वारा असमर्थ, असहाय, अल्पायु, अपंग, निर्धन और निर्बल जैसे छोटों के प्रति उनके आचरण में दोष आ रहे हैं? क्या बड़ों का आचरण संदिग्ध हो रहा है?
    मत भूलो ! कि समाज में पनपने वाली हर बुराई का जन्म किसी व्यक्ति मात्र से होता है। व्यक्ति का जब-जब आत्म-पतन होता है, तब-तब वह मनव तरह-तरह के अनेकों दुव्र्यसनों में लिप्त होकर अपराध और षड्यंत्रों  का भी शिकार हो जाता है। इस तरह एक सदाचारी भी अपना लक्ष्य भूलकर दुराचारी बन जाता है। इससे वह स्वयं अपना, परिवार, गांव, समाज, राज्य, राष्ट्र  और विश्व  का शत्रु बन जाता है। उसकी कोई भी एक छोटी सी भूल, दुसरों के लिए कभी भी बड़ी चुनौती बन सकती है जो किसी का नाश  या सर्वविनाश  करने में पर्याप्त होती है।
    इन दिनों समस्त युवावर्ग में असंतोष   की लहर पनप रही है। वह स्नातक होकर बेरोजगार रहने के लिए विवश  है। वह डिग्री, डिप्लोमा प्राप्त करता है। उसका खर्च उसके माता-पिता वहन करते है ताकि वह अपने पैरों पर खड़ा हो सके। वह बुढ़ापे में उनका सहारा बन सके। उसे रोजगार न मिलने के कारण पूरा परिवार परेशानियोें का शिकार बनता है। उसे महंगाई और निराशा की मार भी झेलनी पड़ती है।
    आज संपूर्ण राष्ट्र  ; राज्य, समाज, गांव, परिवार और हर नागरिक  अपनी आंतरिक एवं वाह्य रक्षा-सुरक्षा और विकास चाहता है। ऐसा संभव कैसे होगा? इसके लिए सर्वप्रथम हम सबको परंपरागत संगठित, अनुशासित, चरित्रवान, और अपने कार्य में पारंगत होना होगा, तभी हम देश  की आंतरिक एवं वाह्य चुनौतियों का डटकर सामना कर सकेंगे। छोटों को बड़ों की आज्ञा-पालना करनी होगी। उनके द्वारा उन्हें पूरा सम्मान देना होगा, तभी वे अपनी सफलता हेतु उनकी कृपा के पात्र बनेंगे और वे उनसे कुछ सीख सकेंगे। बड़ों के द्वारा अपने जीवन में मन, कर्म और वाणी में सदाचार का पालन करना होगा, तभी वे छोटों के लिए कोई उच्च आदर्श  स्थापित कर सकेंगे। युवाओं को स्वयं करने का कोई न कोई मनभावन कार्य अवश्य  चुनना होगा जिसमें उनकी अपनी रुचि हो। बदले में कार्यकुशलता बढ़ेगी। अपनी रुचि से किया गया हर कार्य आत्म संतुष्टि  प्रदान करता है और विकास में महत्व पूर्ण योगदान देता है।
    अंत में हम यह भी कह सकते हैं कि जिस प्रकार गाड़ी को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में उसके चार बढ़िया चक्कों का महा योगदान रहता है ठीक उसी प्रकार राष्ट्रीय  स्वतंत्रता, सुख-शांति एवं समृद्धि को सुनिश्चित  बनाए रखने के लिए राष्ट्र  में सशक्त राष्ट्रीय संगठन, कठोर अनुशासन, सदाचार और कार्य-कौशल भी नितांत आवश्यक  है।
    सितम्बर 2012
    मातृवन्दना

  • दस्तक – संपूर्ण क्रांति की
    श्रेणी:

    दस्तक – संपूर्ण क्रांति की

    इसमें लेश  मात्र भी संदेह  नहीं है कि युगों-यगों से भारतीय सनातन गुरुकुल शिक्षा-प्रणाली ने विश्व  की विशाल धरती पर समस्त मानव समाज, संस्कृत स्थानीय भाषा , विद्या-कला, ज्ञान-विज्ञान, सभ्यता-संस्कृति तथा वैदिक साहित्य – दर्शन , शास्त्र आदि का सृजन, पोषण , रक्षा और उसका विकास किया। समस्या व्यक्तित्व विकास की रही हो या आर्थिक, सामाजिक रही हो या राजनैतिक, सभ्यता – कला-सांस्कृतिक रही हो या आध्यात्मिक – गुरुकुल शिक्षा-प्रणाली को हर क्षे़त्र में मिली पूर्ण सफलता उसके अपने अस्तित्व का प्रमाण है। वह अपने आप में पूर्ण थी, सक्षम थी और समर्थ भी।
    प्रमाणिकता के अनुसार भारतीय इतिहास उन महान् विभूतियों के अदम्य साहस, पराक्रम, न्याय प्रियता, दूरदर्शिता  , सद्चरित्रता, धीरता, वीरता, त्याग सेवा-भाव, बलिदान, परोपकार, सादगी, सत्य, प्रेम, भक्ति, जप, तप, ध्यान, और योग-साधना की पवित्र गाथाओं से भरा हुआ है। इनका गुण-गान करती कलम कभी रुकती नहीं है। वाणी कहते, कान श्रवण करते थकते नहीं हैं और आंखें सोना भूल जाती हैं। यह सब गुरुकुल शिक्षा-प्रणाली की ही देन थी जिसके बल पर भारत विश्व  में सोने  की चिड़िया  के नाम से सर्व विख्यात हुआ।
    सारी धरती गोपाल की है। धरती पर रहने वाले सभी प्राणियों का स्वामी मात्र एक है।विश्व  एक परिवार है। कहने वाला अगर संसार में कोई राष्ट्र  है तो वह भारत वर्ष ही है। इससे उसके सत्य, ज्ञान, सर्वोदयी भावना और शुद्ध  संकल्प का भान होता  है। ऐसा विश्व  ने माना है।
    बात सर्व विदित है कि किसी घर की कमजोरी का लाभ कोई बुद्धिमान, महा चतुर, कूटनीतिज्ञ शत्रु ही उठाता है। वह पहले उस घर में फूट डालता है और फिर उसका आनन्द लेता है। समय या असमय पर भारत वर्ष के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है।
    सन् 1835 ई0 में मैकाले ने भारत के एक छोर से दूसरे छोर तक यात्रा करने के पश्चात  भली प्रकार जान लिया था कि जिस प्रकार उसके अपने राष्ट्र  में सुख-समृद्धि के लिए लोक प्रिय सरकार और उसे दीर्घकाल तक अपने अस्तित्व में बने रहने के लिए उसका स्वच्छ, पारदर्शी  एवं कुश ल प्रशासन अनिवार्य है, ठीक उसी प्रकार शान्ति  प्रिय ज्ञान-विज्ञान, अपार वैभव एवं अतुल संपदा से सम्पन्न भारत वर्ष  को हर प्रकार से क्षीण, हीन, खोखला करने और उसे लूटने के लिए भी ऐसी भौतिकवादी शिक्षा-प्रणाली की आवश्यकता  है जो भारत की ब्रह्मविद्या, कला, संस्कार, ज्ञान-विज्ञान, संस्कृति, साहित्य और सभ्यता का समूल विनाश  कर दे। वह फिर कभी पनपे भी तो वह मात्र ब्रिटिश  साम्राज्य के ही हित में समर्पित हो।
    उपरोक्त भारत विरोधी भावना के साथ दो अक्तूबर 1835 के दिन मैकाले गोरों के द्वारा, गोरों के लिए आयोजित भारत के किसी अमुक भू-भाग पर गुप्त सम्मेलन में उपस्थित हुआ। वहां उसने अध्यक्षीय भाषण में गोरों को संबोधित करते हुए कहा था कि  हमने भारत में शिक्षा के द्वारा एक ऐसा नया वर्ग तैयार करना है जो हाड मांस और रक्त से भले ही भारतीय हो परंतु वह हृदय और मस्तिष्क  से अंग्रेज जैसा अवश्य  होगा।
    मैकाले भारत में सुलभ, सस्ते और चिर टिकाऊ स्थानीय काले अंग्रेजों का निर्माण करना चाहता था ताकि उनके सहारे भारत में ब्रिटिश  राज अधिक से अधिक काल तक स्थिर रह सकेे। मैकाले के द्वारा ब्रिटिश  पार्लियामैंट में दिए गए वक्तव्य के आधार पर वहां की सरकार के द्वारा भारतीयों पर जबरन थोपी गई शिक्षा-प्रणाली स्थानीय काले अंग्रेजों का निर्माण करने में एक सफल कार्यशाला सिद्ध हुई।
    15 अगस्त 1947 के दिन भारत स्वतंत्र हुआ, हमें धरोहर रूप में पाश्चात्य  शिक्षा-प्रणाली मिली। भारतीय सनातन जीवन पद्धति के अनुसार आवश्यक  था कि स्वतंत्रता प्राप्ति के तुरंत पश्चात्  भारतीय जन, समाज और राष्ट्र  हित में हम पाश्चात्य  शिक्षा -प्रणाली को निरस्त कर देते और उसके स्थान पर फिर से गुरुकुल शिक्षा-प्रणाली अपना लेते परंतु ऐसा किया नहीं। इसकी हमने आवश्यकता  ही नहीं समझी। लम्बे समय तक पराधीन रहे भाारतवासियों में से अधिकांश  आज भी अपने हृदय और मस्तिष्क से भारतीय कहलानेे के लिए तैयार नहीं हैं। उन्हें पाश्चात्य  संस्कृति से प्रेम है। उससे उनका मोह भंग नहीं हुआ है।
    हम पाश्चात्य शिक्षा -प्रणाली की उसी प्रकार पालना कर रहे हैं जैसा कि अंग्रेज किया करते थे। पाश्चात्य  सभ्यता, संस्कृति के संस्कार बोने वाली पाश्चात्य शिक्षा -प्रणाली का आज भारत में चहुं ओर बोलवाला हैे। वे शिक्षक हों या अभिभावक, राजनीतिज्ञ हों या प्रशासक – वे आत्म कल्याण, भारतीय जन, समाज और राष्ट्र  हित भूलकर यहां-तहां पाश्चात्य शिक्षा -प्रणाली पर आधारित स्थान-स्थान पर अंग्रेजी माध्यम की पाठशालाएं, विद्यालय, महा विद्यालय और विश्व  विद्यालय खोल  रहे हैं। उनमें भारतीय बच्चों को स्वदेशी , सनातन संस्कार देने के स्थान पर पाश्चात्य  सभ्यता, संस्कृति के संस्कार दे रहे हैं। उन्हें अंग्रेज बना रहे हैं । उनके द्वारा सनातनी, स्वदेशी  भावनाओं को कुचला जा रहा है। भारतीय बच्चों का खाना-पीना, पहनना, बातचीत, आचार-व्यवहार सब कुछ अंग्रेजों जैसा हो रहा है। कौन हैं? यह लोग किसका हित कर रहे हैं?
    वर्तमान शिक्षा पूरी होने के पश्चात सनातक के हाथ में लिखित डिप्लोमा या डिग्री दे दी जाती है जो उसकी योग्यता का प्रमाण पत्र होेेता है। वह उसके पास अव्यवहारिक भौतिकवादी, पुस्तकीय सीमित ज्ञान होेता है जबकि सनातन जीवन पर आधारित गुरुकुल से निकला सनातक स्वाभाविक रूप में संस्कारवान, व्यावहारिक एवं सर्वगुण संपन्न स्वदेशी  , ब्रह्मज्ञान-विज्ञान, विद्या और कला का स्वामी एवं स्वाभिमानी होता था। वह निज सुख-दुःख भूलकर राष्ट्रीय  जन, समाज, और स्वदेश  से प्रेम करने वाला होता था। वह स्वदेश  के मान-सम्मान के लिए कार्य करता था। वह जीता था तो देश  के लिए और मरता था तो भी देश  के लिए ही मरता था, कभी निज हित या स्वार्थ के लिए नहीं।
    आदिकाल से भारतीय समाज में नारी मां, बहन, बहु, बेटी, पत्नी, भाभी के रूप में जानी और पहचानी जाती है परंतु वर्तमान समय ने उसे कालगर्ल, लवर, नाइट बाइफ, बना दिया है। उसे क्लब, कैबरा, होटलों में पहुंचा दिया जाता है। वहां वह नृत्य करके अपना देह-प्रदर्शन ही नहीं करती है बल्कि देह-व्यापार भी करती है। इसी प्रकार आजकल नारी-अपहरण, बलात्कार, भ्रूण हत्याएं, आत्म-दाह की घटनाओं में भारी वृद्धि देखने, सुनने और पढ़ने को मिल रही हैं। वह समाचार पत्र, दूरदर्शन, वीडियो, रेड़ियो, दूरभाष , स्टिकर, चलचित्र, विज्ञापन, इस्तिहार चाहे कुछ भी हों – उन पर नारी को अश्लील  चित्रों द्वारा प्रदर्शित किया जाता है। क्या भारत में नारी जाति का कभी इस प्रकार निरादर होता  था? यह कितनी लज्जा की बात है कि जिस देश  में नारी जाति को देव कन्या, ज्ञानदेवी और मां कह कर उसकी पूजा की जाती हो, वहां उसे नंगा करके सबके सामने प्रदर्शित किया जाता है। उसके यौवन को वेश्यालय  की गंदी और घृणित वस्तु बना दिया जाता है। उसे घर में अकेला रहना, घर से बाहर निकलना, वाहन पर यात्रा करना और उसे अपनी लाज तक बचाए रखना, कठिन हो गया है। इन्हें बढ़ावा देने वाला कौन है?
    अध्यात्मप्रिय भारत में ब्रह्मज्ञान-विज्ञान, विद्या, कला और संस्कार जिन्हें कभी विश्व  भर में जाना और पहचाना जाता था – का विकास करने के स्थान पर पाश्चात्य  ज्ञान-विज्ञान पर आधारित मात्र भौतिकवाद को बढा़वा दिया जा रहा है। देश  में अंधाधुध मिल कारखाने लगाए जा रहे हैं। युवाओं में असंतोष  की लहर पनप रही है। बेरोेजगारी बढ़ रही है। धरती पर पेड़- जंगल कम होते जा रहे हैं। जल, थल और नभचर जीव-जंतुओं की संख्या कम होती जा रही है। जन संख्या निरंतर बढ़ रही है। कंकरीट पत्थरों के शहर बढ़ रहे हैं। उपजाऊ धरती सिकुड़ती जा रही है। पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है। देश  की अपार धन-संपदा का मनमाना दुरुपयोग किया जा रहा है। काला धन विदेशों  में जमा किया जा रहा है। भ्रष्टाचार जोरों पर है। कुछ ही लोगों का जीवन सुखमय है। आज समाज का छोटा या बड़ा हर वर्ग भौतिक सुख की अंधी दौड़ में सामिल है। मानव जीवन से धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष रूपी फल प्रायः लुप्त हो रहे हैं। आज इन सबका उत्तरदायी कौन है?
    अध्यात्मप्रिय भारत में जहां तीव्रता से भौतिकवाद बढ़ा है उसके साथ ही साथ मानवीय इच्छाएं भी बहुत बढ़ी हैं। उन्हें पूरा करने के लिए हमारे पास धन, समय, स्थान की निरंतर कमी हो रही है। दिन-प्रतिदिन अपराध बढ़ रहे हैं। अपराधियों की संख्या बढ़ रही है। समाज विकृत हो रहा है। संस्कार, ब्रह्मज्ञान-विज्ञान, विद्या और कला से ओतप्रोत भारतीय सभ्यता-संस्कृति तो कभी ऐसी नहीं थी। फिर हम दिन-प्रतिदिन निर्बल क्यों हो रहे हैं? हमारी विवशता क्या है?
    ऐसा क्यों लगता है? स्वतंत्र भारत में आज भी ब्रिटिश  साम्राज्य की जड़ें मजबूत और हरी-भरी हैं । कहीं हम उनकी नीतियों का पालन तो नहीं कर रहे? नहीं तो देश  में भ्रष्टाचार क्यों फैल रहा है? काला धन क्यों बढ़ रहा है? असमर्थ, निर्धन और बे-सहारा लोगोें का षोषण क्यों हो रहा है? निर्दोश भयभीत क्यों हैं? निर्दोशों को दंड क्यों मिलता है? दोषी  एवं अपराधी अभय होकर क्यों घूमते है? भौतिकवादी शिक्षा-प्रणाली जो कभी ब्रिटिश  साम्राज्य हित की पोषक रही हो और जिसने भारत का हर प्रकार से शोषण किया हो वह सनातनी जन, समाज और भारत की प्रगति के लिए कारगर सिद्ध कैसे हो सकती है?
    लार्ड मैकाले के द्वारा लिया गया सनातनी जन, समाज और भारत विरोधी एवं विनाशकारी संकल्प क्या हमने यों ही शिरोधार्य करके रखना है? क्या हम आज भी अपने हृदय और मस्तिष्क से गोरों के अधीन हैं? अगर हम मैकाले के ही अनुगामी हैं तो हम भारतवासी भी नहीं रहे। यह हमारा स्वदेश के प्रति किया जाने वाला सबसे बड़ा विश्वासघात है – देश सेवा या देश  भक्ति कदाचित नहीं है। वह दिन दूर नहीं है अगर अध्यात्मप्रिय सनातनी भारतवासियों के द्वारा शीघ्रातिशीघ्र गुरुकुल शिक्षा-प्रणाली नहीं अपनाई गई तो भारत में सक्रिय लार्ड मैकाले के अनुयायी एक न एक दिन भारत को अवश्य ही ध्वस्त कर देंगे और वह फिर से पराधीन हो जाएगा।
    कहीं हम ऐसा करके अध्यात्मप्रिय भारत के लिए एक और स्वतंत्रता-संग्राम की तैयारी तो नहीं कर रहे?
    सितम्बर 2012
    मातृवन्दना

  • सनातन जीवन में धन की उपयोगिता
    श्रेणी:

    सनातन जीवन में धन की उपयोगिता

    भारत ऋषि -मुनियों का देश  है। भारतीय मनीषियों  ने मानव जीवन को 100 वर्ष  तक मुख्यतः चार आश्रमों में विभक्त किया था। उनमें प्रथम 25 वर्ष  ब्रह्मचर्य, 25 से 50 वर्ष  गृहस्थ, 50 से 75 वर्ष  वानप्रस्थ और 75 से 100 वर्ष  तक सन्यास आश्रम प्रमुख थे। उनके अपने विशेष  सिद्धांत थे, उच्च आदर्श  थे जिनके अनुसार मनुष्य  अपना सार्थक एवं समर्थ जीवन यापन करता था। इससे वह दैहिक, दैविक और भौतिक शक्तियों का स्वामी बनता था। भारत की नैतिकता, आध्यात्मिकता और संस्कृति महान् थी।
    प्रथम 25 वर्ष  ब्रह्मचर्याश्रम में विद्या ग्रहण, 25 से 50 वर्ष  गृहस्थाश्रम में  सांसारिक कार्य, 50 से 75 वर्ष  वानप्रस्थाश्रम में आत्म चिन्तन-मनन करते हुए आत्म साक्षात्कार और 75 से 100 वर्ष  तक सन्यासाश्रम में जनकल्याण करने का सुनियोजित कार्य किया जाता था। इनके अंतर्गत सनातन समाज को सामाजिक, राजनैतिक, आर्थिक, शैक्षणिक और धार्मिक दृष्टि  से विश्व  भर में सर्वोन्नत श्रेणी में सम्पन्न ही नहीं गिना जाने लगा था बल्कि विश्व  ने उसकी आर्थिक सम्पन्नता देखते हुए उसे सोने की चिड़िया के नाम से भी विभूषित  किया था।
    सनातन समाज की इस आर्थिक सम्पन्नता और उन्नति के पीछे जिस महान् शक्ति का योगदान रहा है, वह शक्ति थी, योगियोें की योगसाधना और कर्मयोग। श्रीकृष्ण  जी उनके महान् आदर्श  रहे हैं । उन्होंने संसार में रहते हुए भी कभी संसार से प्रेम नहीं किया। उन्होंने पल भर के लिए भी योग को स्वयं से कभी अलग नहीं किया। वे संसार में  कभी लिप्त नहीं हुए। यही कारण है कि हम आज भी उन्हें अपना नायक, निराकार, सनातन, सत्पुरुष  मानते हैं और वे हमारे सबके हृदयों में विराजमान रहते हैं।
    यह तो सत्य है कि प्राचीन काल में 1/3 % को छोड़कर 3/4 % सनातन समाज भौतिक सुख सुविधाओं से अभाव ग्रस्त था और उस समय प्राकृतिक शोषण  न के समान हुआ था। इसका मुख्य कारण यह रहा है कि पहले सनातन समाज सादगी पसंद अध्यात्म प्रिय और प्राकृतिक प्रेमी था जबकि आज वही समाज वैसा होने का मात्र ढोंग कर रहा है। वह प्रकृति के विरुद्ध अनेकों कार्य करते हुए, उससे शत्रुता बढ़ा रहा है। इस तरह वह कल आने वाली महाप्रलय को, आज ही आमन्त्रित कर रहा है।
    प्रकृति की परिवर्तनशीलता के प्रभाव से सनातन समाज के सामाजिक, राजनैतिक, आर्थिक, शैक्षणिक और धार्मिक क्षेत्रों में परिवर्तन होना निश्चित  था, परिवर्तन हुआ। यह समस्त भूखण्ड जिस पर कभी मात्र आर्य लोगों का “सुधैव-कुटुम्बकम”  दृष्टि  से अपना अधिपत्य था, वह धीरे-धीरे कई राष्ट्रों  के रूप में परिणत हो गया। उस भूखण्ड पर अनेकों देश  जिनमें वर्तमान भारतवर्ष  भी है, वह अपने अस्तित्व में आने से पूर्व कई छोटे-छोटे राज्यों में विभक्त लेकिन उन्नत एवं समृद्ध भी था। वह विदेशी  व्यापारी कम्पनियों, अक्रांता एवं लुटेरों की कुदृष्टि  से बच न सका। जहां भारत के सम्राट साहसी और परम वीर थे, वहां वे अहंकार में चूर और विलासी भी, कम नहीं थे। परिणाम स्वरूप वे विदेशी  व्यापारी कम्पनियों, अक्रांता एवं लुटेरों की छल विद्या एवं बांटो और राज करो, नीति को समझ न सके। अतः उन्हें उनसे हर स्थान पर मुंह की खानी पड़ी।
    आज भारतीय समाज में, उसका हर मार्गदर्षक, अभिभावक, गुरु, नेता प्रशासक, सेवक और नौजवान योगसाधना से विमुख हो गया है और होता जा रहा है, जो एक बड़ी चिन्ता का विषय  है। उन्हें पाश्चात्य  देशों  की तरह मात्र अच्छा खाना, गाड़ी, बंगला, अपार धन और सर्व सुख-सुविधाएं ही चाहिएं, भले ही वह घोटाला करके, चोरी से, रिश्वत -घूस लेकर या फर्जीबाड़े से ही क्यों न जुटाई गई हों, जुटानी पड़े। इसमें उनकी धन लोलुपता अत्यंत घातक सिद्ध हुई है और बढ़ती जा रही है। उन्हें राष्ट्रहित से कुछ भी नहीं है, लेना देना।
    वह भारतीय दिव्य ब्रह्मज्ञान जो विदेशों  तक कभी अज्ञान का अंधेरा दूर किया करता था, वह उत्पादन और हस्तकला कौशल का जीवट जादू जो उनके सिर पर चढ़ कर बोला करता था, को ग्रहण लग गया है। भारत आर्थिक शक्ति बनने के स्थान पर, भीतर ही भीतर खोखला होता जा रहा है। देश  के सामने आर्थिक चुनौती उभर आई है। उसमें आए दिन नए-नए घोटाले हो रहे हैं। लोगों  का सफेद धन बे-रोक टोक, तेजी से कालाधन बन कर, विदेशी  बैंकों की तिजोरियों में समाए जा रहा है फिर भी सरकारों के द्वारा राष्ट्रीय  विकास का ढोल पीटा जा रहा है और वह उस विकास की पोल भी खोल रहा है। चोरी करना घूस और रिष्वत लेने-देने का प्रचलन जोरों पर है। भ्रष्टाचार की सदाबहार बेल निर्भय होकर हर तरफ विष  उगल रही है।
    ब्रह्मचर्य जीवन में ज्ञानार्जित करना, गृहस्थ जीवन में सांसारिक कार्य करना सुख सुविधाएं जुटाना और उनका भोग करना, वानप्रस्थ जीवन में आत्म चिंतन, आत्म साक्षात्कार करना तथा सन्यास जीवन में समाज का मार्गदर्शन करना मानव जीवन का परम उद्देष्य रहा है। उसे प्राप्त करने के लिए प्रयास करना अनिवार्य था। इसलिए भारतीय मनीषियों  ने जीवन के चार आश्रमों की कल्पना को कार्यान्वित किया था।
    “वीर भोग्य वसुंधरा” अर्थात वीर पुरुष  ही धरती का सुख भोगते हैं। वीर वे हैं  जो अपने अदम्य साहस के साथ जीवन की हर चुनौती का सामना करते हुए अपने परम जीवनोद्देश्य  को सफलता पूर्वक पूरा करते हैं। इसी आधार पर गृहस्थाश्रम में  सांसारिक सुख भोग किया जाता था। शेष  तीनों आश्रमवासी गृहस्थाश्रम पर निर्भर रह कर अपने विभिन्न उद्देश्यों की पूर्ति हेतु अपना-अपना कार्य किया करते थे।
    विद्यार्थी गुरुकुल में रह कर विद्या अर्जित करते थे। पराक्रमी राजा वन गमन – एकांत वास करनेे, वानप्रस्थी बनने से पूर्व, स्वेच्छा से भोग्य वस्तुओं को अपने योग्य उत्तराधिकारी को सौंप देते थे और सन्यासी बहते जल की तरह कभी एक स्थान पर निवास नहीं करते थे। वे भ्रमण करते हुए लोक मार्गदर्शन करते थे। इस प्रकार भोग-सुख की सभी सुख सुविधाएं मात्र गृहस्थाश्रम वासियों की सम्पदा होती थी। यही भारतीय संस्कृति है। इसी कारण भारत में संग्रहित अपार सम्पदा, विदेशियों के लिए आकर्षण, सोेने की चिड़िया, उनकी आंख की किरकिरी बनी और उन्होंने उसे पाने और हथियाने के लिए साम, दाम, दंड और भेद नीतियों का भरपूर प्रयोग किया।
    हमारी इसी अपार धन सम्पदा को पहले विदेशियों  ने लूटा था और अब उसे अपने ही लोग अपने दोनों हाथों से दिन-रात लूट रहे हैं। इस तरह न जाने कब थमेेगा, लूटने का यह सिलसिला! हम चाहें तोे इस लूट को नियंत्रित कर सकते हैं। यह कार्य भारतीय सनातन जीवन पद्धति पर आधारित मानव जीवन आश्रम व्यवस्था अपनाने से सम्भव हो सकता है। इस भयाबह आर्थिक चुनौती के विरुद्ध, समाज हित मेें, हम सबकी सकारात्मक एवं रचनात्मक इच्छा शक्ति और कार्य क्षमता अवश्य  होनी चाहिए।
    मई 2012
    मातृवन्दना

  • समृद्ध भारत और उसकी गरिमा
    श्रेणी:

    समृद्ध भारत और उसकी गरिमा

    विश्व  में  भारत आर्यवर्त के नाम से जाना जाता था। उसे समृद्धि के उच्चासन पर सुशोभित  करने का श्रेय देश  के उन वीर व वीरांगनाओं को जाता है जो भारत के इतिहास में नक्षत्रों की भांति दीप्यमान हैं। उन्होंने अपने समस्त सुखभोगों का परहित के लिए त्याग कर दिया था। उन्हें राष्ट्र, समाज और जन हित के कार्य अपने प्राणों से भी बढ़कर प्रिय थे। अधर्म, अज्ञानता, अकर्मण्यता, अन्याय और शोषण  उनके शत्रु थे। इन सबको सफलतापूर्वक परास्त करने हेतु उनके पास धर्म परायणता, ज्ञाननिष्ठा, कला-कौशल, शौर्यता  एवं पराक्रम जैसे अचूक संसाधन भी उपलब्ध थे। इनका उन्होंने अपनी क्षमता, आवश्यकता और परिस्थितियों के अनुसार समय-समय पर उचित प्रयोग करके कई बार नई सफलताएं अर्जित की थीं। उनकी प्रत्येक सफलता के पीछे जिस महान प्रेरक शक्ति का योगदान रहा है, वह शक्ति थी – उनके उच्च संस्कार जो उन्हें मिलते थे – पूर्व जन्म से, परिवार से, समाज से और गुरुकुल शिक्षा से। भारत में ऐसी व्यवस्था व्यवस्थित थी।
    संत-महापुरुषों  का कथन है कि जीवन में किसी बड़े उद्देश्य  की प्राप्ति के लिए मानव जीवन छोटा होने के कारण वह सदैव बड़ी-बड़ी चुनौतियों से घिरा रहता है। मृत्यु होने के पश्चात्य  पुनर्जन्म होने पर मनुष्य  उस कार्य को वहीं से आरम्भ करता है जहां पर उसने उसे पूर्व जन्म में अधूरा छोड़ा होता है। अथवा मृत्यु के समय उसका जिस कार्य में ध्यान रह जाता है। इस प्रकार उस प्राणी के जन्म-मृत्यु का चक्र तब तक चलता रहता है जब तक वह उस कार्य को अपनी ओर से सम्पन्न नहीं कर लेता है।
    परिवार में बड़ों के द्वारा बच्चे को जैसी शिक्षा मिलती है, वे उसके सामने जैसा आचरण करते हैं, बच्चा उन्हें जैसा आचरण करते हुए देखता है, वह उनका वैसा ही अनुसरण करता है। भले ही आरम्भ में बच्चे को अच्छे या बुरे कार्य का ज्ञान न हो पर उनका प्रभाव संस्कारों के रूप में उसके मन और मस्तिष्क  पर अवश्य  पड़ता है। विकसित अच्छे संस्कार उसके जीवन का उत्थान करते हैं जबकि बुरे संस्कार अवनति के गहन गर्त में धकेल देते हैं। इसलिए शिक्षक माता-पिता और गुरु को शास्त्र-नीति सावधान करते हुए कहती है कि बच्चों को अच्छी शिक्षा दो। उनके सामने अच्छा आचरण करो और स्वयं को सर्वदा बुरे आचरण से बचाओ। अन्यथा बच्चों पर दुष्प्रभाव  पड़ेगा और उनका भविष्य  अंधकारमय हो जाएगा। यह आपका दायित्व है।
    शास्त्र -नीति आगे कहती है कि परिवार की भान्ति समाज भी बच्चों के जीवन का उत्थान और पतन करने में सहायक होता है। यह बात उस समाज की संगति पर निर्भर करती है कि वह कितनी सुसंस्कृत  और सभ्य है? एक सभ्य एवं सदाचारी समाज की संगति से बच्चे के जीवन का विकास होता है जबकि दुराचारी और असभ्य समाज की संगति उसे पथ-भ्रष्ट  कर देती है।
    भारत के गुरुकुल उच्च संस्कारों के संरक्षक, पोषक , संवर्धक होने के साथ-साथ कार्यशालाओं  के रूप में नव जीवन निर्माता भी थे। नालंदा, तक्षशिला, विक्रमशिला और उनके सहायक विद्यालय तथा महाविद्यालयों से भारतीय कला-सस्ंकृति न केवल भली प्रकार से फूली-फली थी बल्कि उससे जनित उसकी समृद्धि की महक विदेशों  तक भी पहुंची थी। यहां के किसी गुरुकुल से कोई भी विद्यार्थी जब पूर्ण विद्या प्राप्त करके या स्नातक युवा होकर प्रस्थान करता था तो वह उस गुरुकुल की यह प्रेरणा भी अपने साथ लेकर जाता था कि उसका व्यक्तित्व संस्कारित  है और सार्वजनिक जीवन की नींव का ठोस पत्थर भी। वह नवयुवक अपने जीवन मेें कभी ऐसा कोई भी कार्य नहीं करेगा जिससे किसी को किसी प्रकार का कोई कष्ट  हो। वह वह सदैव देश  और समाज का हित चाहने, देखने, सुनने, बोलने और कार्य करने वाला है। वह अपने दिव्यपथ से कभी विचलित नहीं होगा, भले ही उसके मार्ग में लाखों बाधाएं आएं। वह हर समय, हर स्थान पर, हर परिस्थिति में और हर संकट से दो-दो हाथ करने में समर्थ होने के कारण उनसे लोहा लेने हेतु सदैव तैयार रहेगा। यह उसका कर्तव्य है।
    सोने की चिड़िया भारत वर्ष  को अति निकटता से निहारने, समझने और उससे अपने विभिन्न उद्द्रेश्यों  की पूर्ति के लिए विदेशी  लोग भारत आए और उचित समय पाकर उसके शासक भी बनें। उनमें मुट्ठी भर गोरे अंगे्रजों ने ब्रिटिश  साम्राज्य का विस्तार करने हेतु भारत में फूट डालो, राज करो नीति का अनुसरण किया और जी भर कर आतंक फैलाया।
    आईये! हम सब संगठित होकर भारतीय सस्ंकृति की रक्षा-सुरक्षा और उसके पोशण के लिए गुरुकुलों के नैतिक मूल्यों की पुर्नस्थापना करने का दृढ़ संकल्प लें। उनके लिए धरती उपलब्ध करवाएं ताकि बच्चों को चरित्रवान बनाया जा सके। भारत को फिर से नई पहचान और उसकी अपनी उपेक्षित गरिमा प्राप्त हो सके।
    दिसम्बर 2010
    मातृन्दना

  • श्रेणी:

    भारत माँ

    मातृवन्दना नवम्बर 2010 

    तू धरती, हमारी माता,
    गुण तेरे सारा जग गाता,
    करते हैं हम तुझे प्रणाम,
    भारत माँ -------------भारत माँ,
    सागसब्जी, तू तिलहन उपजाती,
    अनाज, कंदमूल हमें खिलाती,
    तू माँ, हम तेरी संतान,
    भारत माँ -------------भारत माँ
    तुझे दुःख हमसे मिलते,
    युग बीत गए पीड़ा सहते,
    तू देती नहीं ध्यान,
    भारत माँ --------भारत माँ
    पूत कपूत हो जाता,
    पर नहीं होती माता, कुमाता,
    तू करती सबका गुणगान,
    भारत माँ ---------भारत माँ
    मन आता, जा दुश्मन से टकराएँ,
    करनी का सबक, उसे सिखाएं,
    दुश्मनी का वह भूल जाए नाम,
    भारत माँ ------------भारत माँ

    चेतन कौशल "नूरपुरी"