मानवता

मानवता सेवा की गतिविधियाँ



श्रेणी: शिक्षा दर्पण -आलेख

  • भारतीय शिक्षा-प्रणाली
    श्रेणी:

    भारतीय शिक्षा-प्रणाली

    प्रिय होने के नाते आदि काल से ही भारतवर्ष  महान पुरुषों  का देश  रहा है। उनमें श्री राम, श्री कृष्ण , गुरु नानक देव, आदि गुरु शंकराचार्य, स्वामी विवेकानन्द जी का नाम सर्वोपरि है।
    इन महान पुरुषों के जीवन चरित्रों का अध्ययन, चिन्तन-मनन करने से हमें अनेकों ऐसे दीप्त ज्ञान-स्तंभ दिखाई देते हैं जिनके प्रकाश  में समग्र मानव जाति का कल्याण होना निश्चित  है।
    इस समय आवश्यकता  इस बात की है कि पहले हम स्वयं उन दिव्य ज्ञान-स्तंभों की भली भांति पहचान कर लें और फिर उनके बारे में दूसरों को भी बताएं। अतः स्थानीय गुरु के सानिध्य में, गुरु व शिष्य  के मध्य मानवीय, पारिवारिक, सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, शैक्षणिक, धार्मिक, साहित्यिक, ज्ञान-विज्ञान और कला-सांस्कृतिक विषयों  के बारे में कुछ सीखने-सिखाने की प्रकिया ही का दूसरा नाम शिक्षा है। इसके बारे में स्वामी जी रामतीर्थ का कथन है – ‘‘वास्तविक शिक्षा का आदर्श  यह है कि हम अपने भीतर से कितनी विद्या बाहर निकाल चुके हैं, यह नहीं कि बाहर से कितनी अन्दर डाल चुके हैं। सच्चा ज्ञान वही है जो सृष्टि  के कल्याण के लिए उपयोगी हो।
    आज के भारत को किस प्रकार की शिक्षा-प्रणाली की आवश्यकता  है? आइए! हम इस गहन-गम्भीर प्रश्न  का उत्तर पाने के लिए भारतीय महान पुरुषों  के द्वारा स्थापित किए गए उन दिव्य ज्ञान-स्तम्भों का अवलोकन करें जो वर्तमान राजनैतिक इच्छा-शक्ति न होने पर भी हमारा पग-पग पर मार्ग-दर्शन  कर रहे हैं।
    आध्यात्मवादी शिक्षा
    1 भेद-भाव रहित सबके लिए एक समान आध्यात्मिक शिक्षा ऊंच-नीच, अमीर-गरीब, छूत-अछूत, छोटा-बड़ा, गोरा या काला की दीवारों और लिंग-भेद आदि से स्वयं सदैव अनभिज्ञ रहती है। आध्यात्मिक शिक्षा से समग्र मानव जाति का एक समान कल्याण होता है। इससे मानवात्माओं का परमात्मा से मिलन होता है। छात्र-छात्राओं के द्वारा गुरुजनों के सानिध्य में रह कर योग, ध्यान, प्राणायाम, संबंधी पुरुषार्थ  करने पर आत्म शांति  का मार्ग प्रप्रशस्त होता है।
    2 यथार्थवादी शिक्षा सत्य-असत्य में ज्ञान-अज्ञान का भाव रखती है। गुण-अवगुण में लाभ-हानि का अन्तर समझाती है।?
    भौतिक वादी शिक्षा
    1 स्थानीय सभ्यता एवं संस्कृति के प्रति उत्तरदायी शिक्षा मानव जाति, मानव के खान-पान, रहन-सहन, आचार-व्यवहार और परिवार के साथ-साथ स्थानीय भाषा , पहनावा, रीति-रिवाज तथा कला-संस्कृति की स्पष्ट  झलक दर्शाने  वाली है।
    2 मानवीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा सदगुणों को बढ़ावा देती है। छोटों में बड़ों के प्रति श्रद्धा, प्रेम, भक्ति और विश्वास  जगाती है। बड़ों में छोटों के प्रति सुस्नेह का वर्धन करती है। समर्थवानों में दुखियों के प्रति करुणा, दया, त्याग और बलिदान की पवित्र भावना उपजाती है।
    3 कलात्मक एवं व्यावसायिक शिक्षा से शिक्षार्थी कला अथवा व्यवसाय का शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त करता है जिससे वह अपना और अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। इसी से वह समाज की यथा संभव तथा यथा शक्ति सेवा करता है।
    4 नैतिक एवं व्यावहारिक शिक्षा से छात्र-छात्राओं को स्वयं जीने और समाज में रहने की कलाओं का ज्ञान होता है। वे सीखते हैं कि समाज में उन्हें स्वयं कैसे रहना है? उन्हें दूसरों के साथ कैसा व्यवहार करना है?
    5 महिला संबंधी जीवनोपयोगी शिक्षा से छात्राओं को अपने जीवन की उपयोगिता का ज्ञान होता है। इससे उन्हें अपने कर्तव्यों और अधिकारों की पहचान होती है। इससे वे आत्म-रक्षा करना सीखती हैं। शादी के पश्चात  ज्ञान के आधार पर ही वे अपने परिवार में, अपने बच्चों का भली-भांति पालन-पोषण  करती हैं और समाज के प्रति सजग भी रहती हैं।
    6 सहशिक्षा या छात्र-छात्राओं की संयुक्त शिक्षा से छात्र-छात्राओं को आपस में एक दूसरे से वार्तालाप करने और एक दूसरे को समझने का सुअवसर मिलता है। इससे उनका मानसिक, कार्मिक तथा वाचिक विकास तो होता है, साथ ही साथ उनमें विद्यमान संकोच की भावना भी नष्ट  हो जाती है। छात्र मित्र की भांति छात्रा मित्र भी लक्ष्य प्राप्ति में अधिक विश्वास  पात्र सिद्ध हो सकती है अगर वे दोनों अपने-अपने लक्ष्यों के प्रति जागरुक हों। वे दिव्य-पथ से भटक न पाएं इसलिए उनमें अपने-अपने लक्ष्य-वेधन के प्रति दृढ़ इच्छा शक्ति, शुद्ध भावना और कड़ी मेहनत के साथ-साथ ब्रहमचर्य जीवन का महत्व समझना तथा व्यावहारिक जीवन अपनाना अति आवश्यक  है। इस प्रकार वे विशेष  जीवनोपयोगी उर्जा संचित करते हुए पूर्ण स्नातक बनते हैं । इसी बल पर वे अपने होने वाले भावी गृहस्थ जीवन को सुखी बनाते हैं।
    7 मितव्ययी उच्चशिक्षा कभी किसी को कहीं मिलती नहीं है बल्कि उसकी व्यवस्था करनी पड़ती है। इसके लिए सजग अभिभावकों, गुरुजनों, राजनीतिज्ञों और प्रशासकों  को मिल कर एक मंच बनाना होता है और उसके लिए उन्हें समर्पित भाव से कार्य करना पड़ता है ताकि देश  का कोई गरीब से गरीब होनहार प्रतिभाशाली अपने जीवन लक्ष्य की प्राप्ति करने से कभी वंचित न रह सके।
    8 स्वदेशी  शिक्षा किसी स्वदेशी  या विदेशी  प्रशासक के द्वारा स्वदेशी शिक्षार्थी पर थोपी या लादी जाने वाली वस्तु नहीं है बल्कि स्वदेशी  शिक्षक की अन्तरात्मा द्वारा उद्घोशित तथा आत्म स्वीकृत प्रतिभा का विषय  है जिसे एक अनुभवी प्रतिभावान स्वदेशी  शिक्षक ही उचित समय पर नवोदयी प्रतिभाशाली  शिक्षार्थी को अपना क्षणिक मात्र सहारा दे सकता है। वह प्रतिभाशील उसका सहारा पा कर स्वयं प्रकाशित हो जाता है।
    9 सशक्त  एवं समर्थ शिक्षा शिक्षार्थी जीवन को समर्थ बनाती है। इससे राष्ट्र सशक्त  एवं समर्थवान बनता है।
    10 प्रदूषण  मुक्त शैक्षिक वातावरण से मन, कर्म, वाणी के आचार-व्यवहार में शुद्धता आती है। व्यक्तित्व में निखार आता है और इससे प्रकृति एवं पर्यावरण को भी चार चांद लग जाते हैं।
    11 आदर्श शिक्षा-प्रणाली की अपनी पहचान होती है। आदर्श शिक्षा-प्रणाली संसार में जन कल्याणकारी, रचनात्मक एवं व्यावहारिक ज्ञान का प्रकाश  फैलाती है। इससे मानसिक, कार्मिक, तथा वाचिक अज्ञान नष्ट  होता है।
    12 विकासशील राष्ट्रीय  प्रमाणिक पाठयक्रम पर आधारित शिक्षा से युवावर्ग की शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक तथा आत्मिक शक्तियों का विकास होता है। इसी से राष्ट्र  की अपनी पहचान और उसकी शक्ति का संवर्धन होता है। युवा वर्ग राष्ट्र  के प्रति सेवा एवं भक्ति भाव वाला होता है।
    13 राजनैतिक हस्तक्षेप मुक्त शैक्षिक प्रशासनिक और प्रबंधन से शिक्षा-तन्त्र ठोस, सुरक्षित, गतिशील रहता है। शैक्षिक प्रशासन और प्रबंधन से सतर्कता, तत्परता, पारदर्शिता और कार्यकुशलता का होना अति आवश्यक  है। इस आवश्यकता की पूर्ति सर्वदा राजनैतिक हस्तक्षेप मुक्त वरिष्ट  शिक्षाविदों के संरक्षण में मात्र स्वशासित राष्ट्रीय शैक्षनिक अनुसन्धान एवं[प्रशिक्षण  संस्थान ही कर सकती है।
    14 योग्य शिक्षक योग्य शिक्षार्थी का निर्माता होता है इसलिए शिक्षक का योग्य होना अनिवार्य है।
    15 योग्य शिक्षार्थी ही राष्ट्र  का योग्य नागरिक बनता है अतः शिक्षार्थी का योग्य होना अति आवश्यक  है।
    इससे स्पष्ट  हो जाता है कि भारत की आध्यात्मिक एवं भौतिकवादी संयुक्त शिक्षा-प्रणाली ही भारत का अपना मूल दर्पण है। अगर किसी जिज्ञासु को भारत-दर्शन करना है तो उसे मार्ग-दर्शन पाने हेतु पहले गुरुजनों के द्वारा संरक्षित भारत की गुरुकुल प्रधान भारतीय शिक्षा-प्रणाली का एक बार अवलोकनअवश्य  कर लेना चाहिए।
    28 जून 2009
    कष्मीर टाइम्स

  • श्रेणी:

    ज्ञान उर्जा के चालीस स्रोत

    योग्य गुरु एवं योग्य विद्यार्थी के संयुक्त प्रयास से प्राप्त विद्या से विद्यार्थी का हृदय और मस्तिष्क प्रकाशित होता है। अगर प्रयत्नशील द्वारा बार-बार प्रयत्न करने पर भी असफलता ही मिले तो उसे कभी जल्दी हार नहीं मान लेनी चाहिए बल्कि ज्ञान संचयन हेतु अपनी सम्पूर्ण शक्ति और लग्नता के साथ और अधिक श्रम करना चाहिए ताकि उसमें किसी प्रकार की कोई कमी न रह जाए।
    1 लोक क भ्रमण करने से विषय वस्तु को भली प्रकार समझा जाता है।
    2 साहित्य एवं सद्ग्रंथ पढ़ने से विषय वस्तु का बोध होता है।
    3 सुसंगत करने से विषयक ज्ञान-विज्ञान का पता चलता है।
    4 अधिक से अधिक जिज्ञासा रखने से ज्ञान-विज्ञान जाना जाता है।
    5 बड़ों का उचित सम्मान और उनसे विश्व व्यवहार करने से उचित मार्गदर्शन मिलता है।
    6 आत्म चिन्तन करने से आत्म बोध होता है।
    7 सत्य निष्ठ रहने से संसार का ज्ञान होता है।
    8 लेखन-अभ्यास करने से आत्मदर्शन होता है।
    9 आध्यात्मिक दृष्टि अपनाने से समस्त संसार एक परिवार दिखाई देता है।
    10 प्राकृतिक दर्शन करने से मानसिक शान्ति प्राप्त होती है।
    11 सामाजिक मान-मर्यादाओं की पालना करने से जीवन सुगंधित बन जाता है।
    12 शैक्षणिक वातावरण बनाने से ज्ञान-विज्ञान का विस्तार होता है।
    13 कलात्मक अभिनय करने से दूसरों को ज्ञान मिलता है।
    14 कलात्मक प्रतियोगिताओं में भाग लेने से आत्मविश्वाश बढ़ता है।
    15 दैनिक लोक घटित घटनाओं पर दृष्टि रखने से स्वयं को जागृत किया जाता है।
    16 समय का सदुपयोग करने से भविष्य प्रकाशमय हो जाता है।
    17 कलात्मक शिक्षण-प्रशिक्षण लेने से योग्यता में निखार आता है।
    18 उच्च विचार अपनाने से जीवन मेें सुधार होता है।
    19 आत्म विश्वास युक्त कठोर श्रम करने से जीवन विकास होता है।
    20 मानवी उर्जा ब्रह्मचर्य का महत्व समझ लेने और उसे व्यवहार में लाने से कार्य क्षमता बढ़ती है।
    21 मन में शुद्ध भाव रखने से विश्वास बढ़ता है।
    22 कर्म निष्ठ रहने से अनुभव एवं कार्य कुशलता बढ़ती है।
    23 दृढ़ निश्चय करने से मन में उत्साह भरता है।
    24 लोक परंपराओं का निर्वहन करने से कर्तव्य पालन होता है
    25 स्थानीय लोक सेवी संस्थांओं में भाग लेने से समाज सेवा करने का समय मिलता है।
    26 संयुक्त रूप से राष्ट्रीय पर्व मनाने से राष्ट्र की एकता एवं अखंडता प्रदर्शित होती है।
    27 मानव धर्म निभाने से संसार में अपनी पहचान बनती है।
    28 प्रिय नीतिवान एवं न्याय प्रिय बनने से सबको न्याय मिलता है।
    29 शांत मगर शूरवीर बनने से जीवन चुनौतियों का सामना किया जाता है।
    30 निडर और धैर्यशील रहने से जीवन का हर संकट दूर होता है।
    31 दुःख में भी प्रसन्न रहने से कष्ट दूर हो जाते हैं।
    32 निरंतर प्रयत्नशील रहने से कार्य में सफलता मिलती है।
    33 परंपरागत पैतृक व्यवसाय अपनाने से घर पर ही रोजगार मिल जाता है।
    34 तर्क संगत वाद-विवाद करने से एक दूसरे की विचारधारा जानी जाती है।
    35 तन, मन और धन से कार्य करने से प्रसंशकों और मित्रों की वृद्धि होती है।
    36 किसी भी प्रकार का अभिमान न करने से लोकप्रियता बढ़ती है।
    37 सदा सत्य परन्तु प्रिय बोलने से लोक सम्मान प्राप्त होता है।
    38 अनुशासित जीवनयापन करने से भोग सुख का अधिकार मिलता है।
    39 कलात्मक व्यवसायिक परिवेश बनाने से भोग सुख और यश प्राप्त होता है।
    40 निःस्वार्थ भाव से सेवा करने से वास्तविक सुख व आनंद मिलता है।
    16 नवंबर 2008 कश्मीर टाइम्स

  • श्रेणी:

    सुखदायक सत्य कड़वा होता है

    योग्य गुरु द्वारा दिया जाने वाला ज्ञान सुपात्र का प्रदान किया जाता है, कुपात्र को नहीं। सुपात्र उसका सदुपयोग करता है जबकि कुपात्र दुरुपयोग। वही विद्यार्थी गुरु का मान बढ़ाता है और स्वयं महान बनता है जो गुरु के निर्देशानुसार जन सेवा एवं जग कल्याण के कार्य करता है।
    1 प्रकृति का अनुभव प्राप्त किए बिना व्यक्ति की अपनी आत्मा का भली प्रकार पोषण नहीं होता है।
    2 व्यक्ति द्वारा सत्य जान लेने से असत्य की परिभाषा बदल जाती है।
    3 आपसी झगडों व तनाव से परिवारों को हानि पहुंचती है जबकि दुश्मन को लाभ होता है।
    4 पारिवारिक झगड़ों से समाज कमजोर होता हैं।
    5 पारिवारिक मतभेदों को परिवार में ही समाप्त कर लेना बुद्धिमानी का कार्य है।
    6 किसी परिवार का अपमानित किया हुआ तनाव ग्रस्त, क्षुब्ध व्यक्ति आने वाले समय में अपने या पराए विरुद्ध कुछ भी कर सकता है।
    7 व्यक्ति, समाज, क्षेत्र, राज्य, और राष्ट्र का अहित एवं अनिष्ट करने वाले भ्रमित, उपद्रवी एवं स्वार्थी लोग क्रोध व हिंसा बढ़ाकर उग्रवाद को जन्म देते हैं।
    8 क्षेत्र, भाषा, जाति, धर्म, रंग, लिंग, मत भेदभाव पूर्ण बातों को साम्प्रदायिक रंग देने वाला व्यक्ति राष्ट्रीय एकता, अखण्डता और सद्भावना का दुश्मन होता है।
    9 दुश्मन कभी कमजोर नहीं होता है।
    10 अलगाव एवं अफवाहों का शिकार होने पर व्यक्ति, परिवार, समाज, क्षेत्र, राज्य, और राष्ट्र संकट ग्रस्त हो जाते हैं।
    11 अगर समाज,क्षेत्र, राज्य, और राष्ट्र में मंहगाई, अभाव, जमा व मुनाफाखोरी और आर्थिक संकट-घोटाला के साथ-साथ अन्य समस्याएं पैदा हों तो समझो वहां अव्यवस्था, दुराचार, अनीति और अधर्म विद्यमान है।
    12 इतिहास साक्षी है कि कपर्यु, आंसू गैस लाठी और गोली प्रहार से जनांदोलन कुचलने वालों को कभी सफलता प्राप्त नहीं हुई है।
    13 कमजोर युवाओं से समाज कभी सुरक्षित नहीं रहता है।
    14 वही विवेकशील नौजवान अपने समाज, क्षेत्र, राज्य, और राष्ट्र को सुरक्षित रखते हैं जो अपनी रक्षा-सुरक्षा आप करतेे हैं।
    15 वासना, विकार, नशा, आलस्य, निद्रा और व्यभिचार में आसक्त नौजवानों का विनाश होना सुनिश्चित है।
    16 नीति-धर्म का मर्म समझने वाले नौजवान के लिए अधर्म कभी बाधक नहीं होता है।
    17 आत्म विश्वास से कार्य करने पर नौजवान को उसके कार्य में सफलता अवश्य मिलती है।
    18 आवेश में आकर युवा बंद, चक्काजाम, और हड़ताल का आह्वान करके भूल जाते हैं कि इससे जन साधारण, समाज, क्षेत्र, राज्य और राष्ट्र की कितनी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
    19 वही युवा पीढ़ी राष्ट्र की रीढ़ है जो सुसंगठित, अनुशासित, चरित्रवान और कार्य कुशल है।
    20 मैदान में आए बिना रण की बातें करने से कभी कोई दिग्विजयी नहीं बन जाता है।
    21 समाज में वीरों को उनके कार्य कौशल, तत्वज्ञान, पराक्रम और कर्तव्य परायणता से जाना जाता है।
    22 वास्तव में वीरों की परीक्षा रणक्षेत्र, ज्ञानक्षेत्र, कार्यक्षेत्र और धर्मक्षेत्र में होती है।
    23 गीदड़ों के झुण्ड में शेर की दहाड़ अलग ही सुनाई देती है।
    24 मानव समाज सदैव वीरों की पूजा करता है, कायरों की नहीं।
    25 कर्मवीर अपने कर्म से, ज्ञानवीर ज्ञान से, रणवीर पराक्रम से और धर्मवीर कर्तव्य पालन करके आसामाजिक तत्वों का मुंहतोड़ उत्तर देते हैं।
    26 सच्चे रणवीर, कर्मवीर, धर्मवीर और ज्ञानवीर – शब्द, रूप, रस गंध और स्पर्ष रूपी कांटों को पैरों तले रौंद कर मात्र उच्च लक्ष्य प्राप्त करते हैं।
    27 संकट या अफवाहों के रहते वीर घबराते नहीं हैं बल्कि संगठित रहकर उनका डटकर सामना करते हैं।
    28 ज्ञान, विवेक और वैराग्य से सुसज्जित वीर राष्ट्र, राज्य, क्षेत्र, समाज और जन साधारण की रक्षा एवं सुरक्षा करने में समर्थ होते हैं।
    29 आत्म-हत्या कायर करते हैं, वीर नहीं।
    30 सच्चे वीरों का गर्म खून और शीतल मस्तिष्क सदैव सर्वहितकारी और धार्मिक कार्यो में सक्रिय और तत्पर रहता है।
    31 राष्ट्रहित में – सच्चे वीर रणक्षेत्र में अपना रण-कौशल दिखाते हुए दिग्विजयी होते हैं या फिर युद्ध करते हुए वीरगति प्राप्त करते हैं।
    32 सच्चे वीर स्वतन्त्रता पूर्वक धरती का सुख भोगते हेैे जबकि कायर पराधीन हो कर दुख प्राप्त करते हैं।
    33 दुश्मन को कमजोर समझने वाला वीर अपनी कमजोरी के कारण जल्दी परास्त हो जाता है।
    34 संकट या अफवाहों में राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता की वास्तविक परख होती है।
    35 लोगों का शांत और मर्यादित जुलूस सोए हुए प्रशासन को जगाने का अचूक रामबाण है।
    36 स्पष्ट रूप से परिभाषित किए हुए लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अनुशासित जनांदोलन के प्रयास से लोगों को अपने उद्देष्य में सफलता अवश्य मिलती है।
    37 राष्ट्र, राज्य, क्षेत्र, समाज, परिवार और जनहित की सद्भावना से प्रेरित बातों के समक्ष अलगाव की भावना निष्प्राण होती है।
    38 राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता प्रदर्शित करने वाले नारों से जनता में देश प्रेम की उर्जा का संचार होता है।
    39 गाय का दूध, ब्राह्मण हितोपदेश, गीता ज्ञान और शुद्ध पर्यावरण का प्रभाव सदैव सर्वहितकारी होता है।
    40 राष्ट्रीय सुख-समृद्धि की रक्षा हेतु समाज विरोधी अधर्म, दुराचार, असत्य और अन्याय के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने वाला प्रशासन सर्वहितकारी होता है।
    14 सितम्बर 2008 कश्मीर टाइम्स

  • श्रेणी:

    विद्यार्थी जीवन निर्माण

    मानों तो मानव जीवन का निर्माण किसी भवन का निर्माण करने से कोई कम नहीं है। भवन का निर्माण कार्य किसी निश्चित अवधि तक तो समाप्त हो जाता है पर जीवन निर्माण का कार्य बिन रोके लम्बे समय तक चलाए रखने की अपेक्षा बनी रहती है। इसका वर्णन किसी सफल साधक की जीवन गाथा से मिल सकता है।
    विद्यार्थी जीवन का आधार बनाने के लिए सर्व प्रथम आवश्यक है उसके धरातल का निरीक्षण करना। घर में माता-पिता तथा विद्यालय में गुरुजनों के द्वारा उसका जीवन निर्माण करने से पूर्व उसकी नींव तैयार करनी होती है। उन्हें देखना होता है कि वह किस योग्य है? उसमें ऐसे क्या गुण विद्यमान हैं जो उसके लिए अति आवश्यक हैं। उसमें ऐसी क्या विशेषताएँ हैं जो उसके जीवन की नींव को सुदृढ़ कर सकती हैं।
    माता-पिता अथवा गुरुजनों द्वारा विद्यार्थी में विद्यमान विशेष गुणों के आधार पर उसके लिए कोई उपयुक्त साध्य निर्धारित करना होता है। उसे जीवन में क्या करना है? वह स्वयं में क्या बनने की क्षमता रखता है? उसमें ऐसा कौन सा गुण है जिसे थोड़ा सा सहारा मिलने पर वह प्रगति पथ पर तांगे के घोड़े की भांति सरपट भागने में सक्षम हो सकता है। यह सब माता-पिता तथा गुरुजनों द्वारा जान लेना अनिवार्य है।
    विद्यार्थी की साध्य क्षमता का अनुमान मात्र अनुमान न बना रहे, इसलिए उसे भली प्रकार से जांच-परख कर ही माता-पिता व गुरुजनों को उसके अनुकूल साधन जुटाने होते हैं ताकि वह उनकी सहायता से अपने जीवन लक्ष्य की प्राप्ति करने का अभियान तेज कर सके।
    विद्यार्थी के लिए उसकी अपनी योग्यता, लक्ष्य प्राप्त करने की क्षमता और उत्तम संसाधनों का मोल और अधिक बढ़ जाता है जब उसे अपने माता-पिता और गुरुजनों के सुस्नेह और सानिध्य में स्वगुण सम्पन्न अभिरुचि के अनुरूप उपयुक्त शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त होता है। उसे लाख बाधाएं होने पर भी लक्ष्य की प्राप्ति करना अनिवार्य है। उससे स्थानीय परिवार तथा सम्पूर्ण समाज को होनहार युवा और गुण सम्पन्न नागरिक मिलते हैं। विद्यार्थी जीवन निर्माण में माता-पिता और गुरुजनों की प्रमुख भूमिका रहती है। क्या वर्तमान में हम माता-पिता और गुरुजन अपने इस दायित्व का भली प्रकार निर्वहन कर रहे हैं?
    20 नवम्बर 2007 दैनिक जागरण

  • श्रेणी:

    गुरु का महत्व

    भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोपरि है। घर पर माता-पिता और विद्यालय में गुरु को उच्च स्थान प्राप्त है। शास्त्रों में इन तीनों को गुरु कहा गया है। मातृ देवो भव, पितृ देवो भव, गुरु देवो भव। गुरु माता को सर्व प्रथम स्थान प्राप्त है क्योंकि वह बच्चे को नव मास तक अपनी कोख में रखे उसका पालन-पोषण करती है। जन्म के पश्चात ज्यों-ज्यों शिशु बड़ा होता जाता है त्यों-त्यों वह उसे आहार तथा बात करना सिखाने के साथ-साथ उठने, बैठने और चलने के योग्य बनाती है। गुरु पिता परिवार के पालन-पोषण हेतु घरेलु सुख-सुविधाएं जुटाने का कार्य करता है और परिवार को अच्छे संस्कार देने का भी ध्यान रखता है।
    विद्यालय में गुरुजन विद्यार्थी में पनप रहे अच्छे संस्कारों की रक्षा करने के साथ-साथ उसे धीरे-धीरे बल भी प्रदान करते हैं ताकि वह भविष्य में आने वाली जीवन की हर चुनौति का डटकर सामना कर सके।
    गुरु भले ही घर का हो या विद्यालय का, वह राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव वाला होता है। उसके द्वारा किए जाने वाले किसी भी कार्य में राष्ट्रीय भावना का दर्शन होता है। जिससे देश-प्रेम छलकता है। गुरु के मन, वचन और कर्म में सदैव निर्भीकता हिलोरे लेती रहती है। वह जनहित में निष्कपट भाव से सोचने, बोलने और कार्य करने वाला होता है। गुरु को अपने विषय का पूर्ण ज्ञान होता है। एक तत्व ज्ञानी या गुरु ही किसी विद्यार्थी को उसकी आवश्यकता अनुसार उचित शिक्षण-प्रशिक्षण देकर उसे सफल स्नातक और अच्छा नागरिक बनाता है।
    गुरुर्बह्मा गुरुर्विष्णु गुरुर्देवो महेष्वरः गुरु साक्षात परमब्रह्म तस्मै श्री गुरुवैे नमः। शास्त्रों में गुरु को ब्रह्मा, विष्णु और महेश देवों के तुल्य माना गया है जिनमें सामाजिक संरचना, पालना और बुराइयों का नाश करने की अपार क्षमता होती है। गुरु आत्मोत्थान करता हुआ अपने विभिन्न अनुभवों के आधार पर विद्यार्थी को उच्च शिक्षण-प्रशिक्षण देकर समर्थ बनाता है। क्या हम घर पर गुरु माता-पिता और विद्यालय में गुरुजन अपने इन दायित्वों का भली प्रकार निर्वहन करते हैं?
    15 नवम्बर 2007 दैनिक जागरण